राज्य
23-Feb-2026
...


:: महापौर सचिवालय में दक्षिण कोरियाई डेलीगेशन ने की पुष्यमित्र भार्गव से भेंट, मालवा में खुलेंगे रोजगार के द्वार :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा क्षेत्र को वैश्विक मेडिकल हब बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित मेडिकल टेक्नोलॉजी कंपनी ईसीडीएस (ECDS) ने उज्जैन में 780 करोड़ रू. के प्रारंभिक निवेश से अत्याधुनिक मेडिकल डिवाइस प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। सोमवार को कंपनी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सचिवालय में महापौर पुष्यमित्र भार्गव से शिष्टाचार भेंट कर इस प्रोजेक्ट की विस्तृत रूपरेखा साझा की। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से वूसोक चुंग (कॉर्पोरेट लीडरशिप) और केशव दत्तात्रेय सावंत (सीसीटीएस और सस्टेनेबिलिटी सॉल्यूशंस) शामिल थे। दल ने महापौर को बताया कि ईसीडीएस तीन दक्षिण कोरियाई फर्मों के साथ मिलकर यह यूनिट लगाएगी। यहाँ नैनोफाइबर और बायोमास पॉलीमर जैसी विश्वस्तरीय तकनीक का उपयोग कर कैंसर, किडनी विकार और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों के लिए एडवांस टेस्टिंग किट तैयार की जाएंगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कंपनी के ईको-फ्रेंडली और क्लीनर मैन्युफैक्चरिंग मॉडल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए मील का पत्थर बताया। गौरतलब है कि प्लांट संचालन के तीन वर्षों के भीतर कंपनी 1,250 करोड़ रू. के अतिरिक्त निवेश की योजना भी बना रही है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं के लिए उच्च-स्तरीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रकाश/23 फरवरी 2026