विगत दस दिनों में 227 गौवंश एवं अन्य पशु मुक्त कराए भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेशभर में अवैध गौवंश एवं पशु तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही कर रही है। पुलिस की सक्रिय, समन्वित और तकनीकी रूप से सशक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप विगत दस दिनों में 227 गौवंश एवं अन्य पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, कंटेनर, पिकअप एवं अन्य वाहनों को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। पन्ना पुलिस ने जिले में लगातार प्रभावी कार्यवाही करते हुए देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में 32 गौवंश को अवैध परिवहन से मुक्त कर लगभग 25 लाख रूपए का कंटेनर जप्त किया है। मझगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 भैंस/पाड़ा (लगभग 14 लाख 20 हजार) तथा 2 ट्रक (लगभग 40 लाख) जप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त थाना मड़़ला क्षेत्र में 08 पशु एवं 01 पिकअप वाहन सहित लगभग 8 लाख 50 हजार रूपए की संपत्ति जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इस प्रकार जिले में कुल 111 पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया। सीधी थाना मझौली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसमें से 53 भैंस/पड़वा को सुरक्षित मुक्त कर ट्रक जप्त किया है। डिंडोरी थाना कोतवाली पुलिस ने पशु तस्करी करते 01 आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक सहित 23 भैंसें जप्त की। सिवनी थाना उगली पुलिस ने क्रूरतापूर्वक बांधे गए 14 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया खरगोन थाना सनावद, बिस्टान एवं चौकी खलटाका क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यवाहियों में पुलिस ने कुल 13 गौवंश को मुक्त कराया। इन कार्यवाही में पुलिस ने 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर टाटा ऐस, पिकअप एवं सुपर कैरी वाहन जप्त किए। गुना थाना धरनावदा पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन पर करारा प्रहार करते हुए पिकअप वाहन से 07 गाय के बछड़ों को सुरक्षित मुक्त कराया। 01 आरोपी को गिरफ्तार कर मिनी पिकअप वाहन जप्त किया। छिंदवाड़ा सिंगोड़ी पुलिस ने अवैध परिवहन कर ले जाई जा रही 04 भैंसों को मुक्त कराकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जप्त किया गया। उज्जैन थाना माकड़ोन पुलिस ने भैंस चोरी के प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 02 मुर्रा नस्ल की भैंसें (लगभग 3 लाख रूपए) बरामद की। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गौवंश एवं अन्य पशुओं के अवैध परिवहन, तस्करी एवं क्रूरता के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। तकनीकी विश्लेषण, गश्त, सूचना तंत्र एवं अंतरजिला समन्वय के माध्यम से इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ईएमएस/23/02/2026