राज्य
23-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है| गुरु लिंबडी क्षेत्र में पार्टी के तालुका अध्यक्ष मुकेश डांगी ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि मुकेश डांगी ने पार्टी की समाज और किसानों से जुड़ी नीतियों से नाराज़ होकर यह कदम उठाया है। चुनावी बिगुल बजते ही कांग्रेस में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। डांगी ने अपना इस्तीफा हर्षद निनामा को भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की जमीन अधिग्रहण और किसानों के हक-अधिकार से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की नीति से वे असहमत थे। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे अभी किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे और उनकी आगे की राजनीतिक दिशा का फैसला आदिवासी समाज करेगा। उनके इस बयान से संकेत मिलते हैं कि वे भविष्य में निर्दलीय या समाज के समर्थन से नई रणनीति के साथ मैदान में उतर सकते हैं। पंचायत चुनावों से ठीक पहले एक मजबूत संगठनात्मक नेता के इस्तीफे ने जिले के सियासी समीकरण बदल दिए हैं। खासतौर पर आदिवासी बहुल इलाकों में मुकेश डांगी का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस के लिए लिंबडी और आसपास के क्षेत्रों में अपनी पकड़ बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी इस सियासी संकट से कैसे उबरती है। सतीश/23 फरवरी