राष्ट्रीय
23-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च नीति-निर्धारक इकाई, अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की महत्वपूर्ण बैठक 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में आयोजित होगी। इस तीन दिवसीय बैठक का आयोजन समालखा के पट्टीकल्याण स्थित ग्राम विकास एवं सेवा साधना केंद्र में किया जाएगा। संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजनों को लेकर यह बैठक काफ़ी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी सह-सरकार्यवाहों सहित संघ के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्य बैठक 13 मार्च से शुरू होगी। हालांकि संघ की छोटी टोली (प्रमुख पदाधिकारियों की टीम) की तैयारी बैठकें 9 मार्च से ही प्रारंभ हो जाएंगी। बैठक में शताब्दी वर्ष की कार्यक्रमों की समीक्षा होंगी। इस उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे कार्यक्रमों और गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। बैठक में देश के समसामयिक सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श होगा। बैठक में संगठन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण निर्णय भी हो सकते हैं। गौरतलब है कि संघ अपनी कार्यपद्धति को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रांतों को संभागों में विभाजित कर कार्य को जमीनी स्तर तक ले जाने की योजना पर काम कर रहा है। संगठन के ढांचे को मजबूती देने के लिए इस बैठक में सांगठनिक बदलावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सुबोध/२३-०२-२०२६