राज्य
24-Feb-2026
...


* श्री सप्तदेव मंदिर में 28 फरवरी को मनाया जाएगा “श्री श्याम बारस महोत्सव” कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के हृदय स्थल मेन रोड स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी “श्री श्याम जी की बारस फाल्गुन महोत्सव” 28 फरवरी शनिवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। फाल्गुन मास की बारस तिथि पर आयोजित यह महोत्सव मंदिर के प्रमुख वार्षिक आयोजनों में से एक है, जिसकी तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करने के लिए व्यापक स्तर पर सजावट एवं व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर समिति के अनुसार, फाल्गुन बारस का पर्व भगवान श्री श्याम जी के भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण को आकर्षक पुष्प सज्जा, रंग-बिरंगी विद्युत झालरों एवं पारंपरिक अलंकरण से सुसज्जित किया जाएगा। श्री श्याम जी का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। भक्ति, भाव और उत्साह का संगम इस दिन मंदिर परिसर में देखने को मिलेगा। * संगीतमय अखण्ड ज्योतपाठ और भव्य भजन संध्या इस वर्ष महोत्सव का विशेष आकर्षण रायपुर की प्रसिद्ध भजन मंडली राजकुमारी गुप्ता एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत संगीतमय अखण्ड ज्योतपाठ एवं भव्य भजन संध्या रहेगी। यह संगीतमय कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक आयोजित होगा। भक्ति रस से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है। * छप्पन भोग, महाआरती और फूलों की होली संगीतमय कार्यक्रम के पश्चात श्री श्याम जी को विधिवत छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भक्तिमय धमाल और भव्य महाआरती का आयोजन होगा। महाआरती उपरांत श्रद्धालु श्याम बाबा के साथ फूलों की होली खेलकर फागुन उत्सव की आनंदमयी अनुभूति प्राप्त करेंगे। पूरा मंदिर परिसर “श्याम नाम” के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठेगा। * पंजीयन प्रारंभ, भक्तों से सहभागिता की अपील मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव हेतु पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक श्रद्धालु शीघ्र पंजीयन कराकर आयोजन को सफल बनाने में सहभागी बन सकते हैं। उन्होंने समस्त भक्तजनों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य एवं भव्य आयोजन का लाभ लेने और श्री श्याम जी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।