नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के सराय काले खां इलाके में लापता 6 साल की बच्ची का शव कुएं से बरामद हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके दूर के रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। राजधानी दिल्ली के सराय काले खां इलाके में 6 साल की मासूम बच्ची के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में बच्ची के दूर के रिश्तेदार को ही आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस ने यौन शोषण की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के मुताबिक, 19 फरवरी की रात सराय काले खां निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 6 साल की बेटी के लापता होने की शिकायत दी। बच्ची को आखिरी बार दोपहर करीब 3 बजे देखा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और 20 फरवरी की रात 1 बजे सनलाइट कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले फुटेज में बच्ची एक युवक के साथ आखिरी बार जाती दिखाई दी। उसकी पहचान 23 साल के मनोज के रूप में हुई, जो बच्ची का दूर का रिश्तेदार है और सराय काले खां में ही रहता था। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मनोज को हिरासत में लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि शिकायत दर्ज करवाते समय वो बच्ची के पिता के साथ थाने भी गया था और जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में पहले उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन जब उसे पुख्ता सबूत दिखाए गए तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/फरवरी/2026