क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दौलतराम पटेलिया पिता पूरन सिंह पटेलिया, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दौलतराम बाहर मजदूरी का काम करते थे और सोमवार शाम को काम से लौटे थे। उस समय वह शराब के नशे में थे और ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। पत्नी लक्ष्मीबाई पटेलिया ने बताया कि उन्होंने पति को संभालकर खाट पर सुलाया, इसके बाद परिवार ने खाना खाया और सभी लोग सो गए। रात के समय परिजनों को किसी प्रकार की हलचल का आभास नहीं हुआ। तड़के करीब तीन बजे जब लक्ष्मीबाई की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि दौलतराम कमरे में फांसी के फंदे पर लटके हुए हैं। यह देख उनके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने बताया कि मृतक के माता-पिता पिछले तीन साल से लापता हैं और उनका कोई पता नहीं चल सका है। दौलतराम के कुल पांच भाई बताए गए हैं, लेकिन वे भी अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।।