क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के पश्चिमी क्षेत्र वेजलपुर स्थित कृष्णा नगरी सोसायटी में देर रात अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में शोक और दहशत का माहौल फैल गया। मिली जानकारी के अनुसार, वेजलपुर की कृष्णा नगरी सोसायटी में देर रात एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों ओर धुएं के गुबार फैलने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग घबरा कर बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अहमदाबाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि घर के अंदर फंसे दो लोगों को बचाया नहीं जा सका। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सतीश/24 फरवरी