अंतर्राष्ट्रीय
26-Feb-2026
...


-एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर गेट्स ने मांगी सार्वजनिक माफी वाशिंगटन,(ईएमएस)। दुनिया के मशहूर उद्योगपति बिल गेट्स एक बार फिर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। इस मामले में फंसे बिल गेट्स अब माफी मांग रहे हैं। उन्होंने कबूल किया है कि उनके दो रूसी महिलाओं से संबंध थे। हाल ही में सामने आए नए दस्तावेजों के बाद बढ़े विवाद के बीच गेट्स ने अपनी संस्था बिल गेट्स फाउंडेशन के कर्मचारियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा है कि उनसे बड़ी गलती हुई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के कारण संगठन के लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसके लिए वे जिम्मेदारी लेते हैं। टाउन हॉल में गेट्स ने यह भी माना कि एपस्टीन फाइल्स में बताए गए रूसी महिलाओं के साथ उनके दो अफेयर थे, लेकिन उन्होंने साफ किया कि उन रिश्तों का एपस्टीन के पीड़ितों से कोई लेना-देना नहीं था। गेट्स ने यह बात मीडिया रिपोर्ट्स में एपस्टीन के साथ उनकी पिछली बातचीत की डिटेल्स सामने आने के बाद नए सिरे से जांच के बाद आई है। यह विवाद तब फिर से उभरा जब अमेरिकी न्याय विभाग से जुड़े दस्तावेज और तस्वीरें सार्वजनिक हुईं, जिनमें गेट्स और एपस्टीन की कई मुलाकातों का जिक्र है। कुछ तस्वीरों में गेट्स उन महिलाओं के साथ नजर आए, जिनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो निजी संबंध रूसी महिलाओं के साथ थे, जिनका जिक्र इन फाइल्स में किया गया है। हालांकि उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मैंने कुछ भी गैरकानूनी नहीं किया और न ही ऐसा कुछ देखा। इस पूरे विवाद का असर बिल गेट्स क सार्वजनिक कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। गेट्स ने हाल ही में भारत में आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में अपनी भागीदारी रद्द कर दी थी, ताकि कार्यक्रम का ध्यान मुख्य विषयों से न भटके। बता दें गेट्स फाउंडेशन पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि उसका एपस्टीन से कोई वित्तीय लेन-देन नहीं रहा और न ही उसे कभी संगठन में कोई भूमिका दी गई। इसके बावजूद, नए खुलासों के बाद गेट्स की छवि और उनकी पेशेवर विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26