अंतर्राष्ट्रीय
26-Feb-2026
...


-पूर्व पीएम इमरान खान की बहन अलीमा ने लगाए सेना प्रमुख मुनीर पर गंभीर आरोप इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पूर्व पीएम इमरान खान की बहन, अलीमा खान ने सीधे तौर पर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर निशाना साधते हुए ऐसे दावे किए हैं जिनसे सियासत में उबाल आ गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अलीमा ने कह कि जब वह हाल ही में अपने भाई से जेल में मिलीं, तो इमरान खान ने उनसे बहुत ही परेशान करने वाली बात कही। उनहोंने बताया कि इमरान ने कहा कि तुम्हें पता है, आसिम मुनीर मुझे जेल में खत्म करना चाहते हैं। अलीमा का कहना है कि शुरुआत में परिवार इन बातों को सार्वजनिक करने से हिचक रहा था। उन्हें लगा कि बिना किसी ठोस सबूत के इतने बड़े पद पर बैठे व्यक्ति पर आरोप लगाना ठीक नहीं होगा, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उन्हें चुप रहना और भी खतरनाक लग रहा है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ है स्लो पॉइजनिंग का आरोप है। अलीमा खान ने सवाल उठाया कि एक इंसान जो जेल जाने से पहले एकदम फिट और तंदुरुस्त था, अचानक उसकी सेहत इतनी कैसे बिगड़ सकती है? इस बात पर अलीमा का दावा है कि कई डॉक्टरों ने निजी तौर पर परिवार को आगाह किया है कि अचानक बिगड़ी तबीयत का एक कारण धीमा जहर भी हो सकता है। हालांकि, उनके पास इस बात को साबित करने के लिए कोई मेडिकल रिपोर्ट नहीं है, कोई सबूत नहीं लेकिन डर पूरा है क्योंकि उनका कहना है कि उन्हें बार-बार इस खतरे के बारे में चेतावनी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान का परिवार अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वे जेल प्रशासन की बातों पर भरोसा नहीं करेंगे। उनकी मुख्य मांगें ये हैं कि इमरान खान का चेकअप किसी प्रतिष्ठित और स्वतंत्र अस्पताल में कराया जाए और जांच में उनके निजी डॉक्टर वहां मौजूद रहें। साथ ही यह पूरी जांच प्रक्रिया पारदर्शी हो ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। बता दें 2022 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से इमरान खान और पाकिस्तान की ताकतवर मिलिट्री के बीच छतीस का आंकड़ा रहा है। इमरान और उनकी पार्टी शुरू से ही इन मुकदमों को राजनीति से प्रेरित बताते आए हैं। पाकिस्तान की राजनीति फिलहाल एक ऐसे मोड़ पर है जहां आरोप-प्रत्यारोप अब निजी हमलों और जान के खतरे तक पहुंच गए हैं। क्या इमरान खान को उनके पसंद के डॉक्टरों से मिलने दिया जाएगा? यह देखना अभी बाकी है। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26