क्षेत्रीय
26-Feb-2026
...


- बुधवार की दोपहर की घटना जबलपुर, (ईएमएस)। बुधवार की दोपहर जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में एक युवती को वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा के सामने ही हाथ में बका लेकर नाचते देख वहां मौजूद लोगों में भय के साथ ही कौतूहल मच गया। इस अप्रत्याशित घटना से विश्वविद्यालय परिसर में काफी देर तक डर और तनाव का माहौल बना रहा। इस पूरी घटना के बाद विवि प्रशासन और पुलिस के अपने अपने दावों से सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। जहां मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि युवती का व्यवहार असामान्य था और वह मानसिक रूप से बीमार लग रही थी। उनके अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई और युवती को अपने साथ ले गई। वहीं दूसरी ओर सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप कुमार नामदेव ने बताया कि जब तक पुलिस की टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची, युवती वहां से लापता हो चुकी थी, पुलिस को वह नहीं मिली। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि हथियार लहराने वाली युवती विश्वविद्यालय की ही छात्रा है या बाहर से आई थी। बहरहाल विश्वविद्यालय परिसर में तमाम सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक युवती का हथियार लेकर प्रतिमा तक पहुँच जाना और फिर गायब हो जाना, सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अजय पाठक / मोनिका / 26 फरवरी 2026