- अमृत भारत स्टेशन योजना से बदल रही स्टेशन की सूरत, लिफ्ट और दिव्यांग-अनुकूल सुविधाओं से होगा लैस अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के भीलड़ी रेलवे स्टेशन का अमृत स्टेशन योजना के तहत लगभग रु. 11.00 करोड़ की अनुमानित लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। इस परियोजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। · आधुनिक स्टेशन भवन: स्टेशन पर 18,223 वर्गफीट क्षेत्र में एक नया आधुनिक भवन बनाया जा रहा है, जिसमें अत्याधुनिक बुकिंग कार्यालय और वातानुकूलित व गैर-वातानुकूलित प्रतीक्षालय की सुविधा होगी। · बेहतर कनेक्टिविटी और एप्रोच: यात्रियों की सुविधा के लिए 39,288 वर्गफीट लंबी एप्रोच रोड का सुधार व चौड़ीकरण किया गया है और 29,105 वर्गफीट क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया व पार्किंग का विकास किया जा चुका है। · उन्नत प्रतीक्षालय और शौचालय: स्टेशन पर 1,582 वर्गफीट के प्रतीक्षालय का उन्नयन किया गया है और कुल 5 शौचालय ब्लॉकों में से 4 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। · लिफ्ट और यात्री-अनुकूल सुविधाएं: सभी प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट की व्यवस्था की जा रही है तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैंप, पोर्च, सुगम प्रवेश/निकास द्वार और पृथक शौचालय व पार्किंग विकसित की गई है तथा यात्रियों को बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में बेंचे भी लगाई गई है। · पार्किंग और सौंदर्यीकरण: परिसर में चार पहिया, दो पहिया और ऑटो-रिक्शा के लिए अलग-अलग पार्किंग, प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, हरित क्षेत्र का विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। · भविष्य की क्षमता का विस्तार: वर्तमान में भीलड़ी स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 12,00 यात्री आवाजाही करते है तथा 40 से अधिक ट्रेनों का ठहराव एवं आगमन-प्रस्थान इस स्टेशन से होता है। इस स्टेशन को भविष्य में 25,000 यात्रियों की दैनिक आवाजाही के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। · आर्थिक और सामरिक महत्व: यह स्टेशन मालगाड़ियों और डबल स्टैक कंटेनर ट्रेनों के आवागमन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसका पुनर्विकास स्थानीय समुदाय को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। · सुरक्षित एवं आधुनिक यात्रा अनुभव: इस पुनर्विकास के पूर्ण होने के बाद भीलड़ी स्टेशन यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगा, जो पश्चिम रेलवे की आधुनिकीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सतीश/26 फरवरी