क्षेत्रीय
26-Feb-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के गुनगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार वृद्ध चाची और भतीजे की मौत हो गई। हादसे सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर डंपर को जब्त कर लिया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीहोर जिले के अहमदपुर स्थित ग्राम लोधीपुरा में रहने वाली 65 वर्षीय जुगती बाई पत्नी मोतीलाल गुर्जर के रिश्तेदार भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती है, जिसे देखने के लिए बीती सुबह वे अपने भतीजे नारायण सिंह(55) पिता कनीराम गुर्जर के साथ बाइक पर बैठकर देखने आई थी। अस्पताल में रिश्तेदार को देखने के बाद दोनों बैरसिया इलाके के रमगढ़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। गुनगा इलाके के सेमरी के पास से गुजरते समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में जुगती बाई और नारायण को घातक चोटें आई थी, जिन्हें बेहद गंभीर हालत में इलाज के लिए बैरसिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने शुरुआती चेकअप के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया की एक्सीडेंट के बाद चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर भाग गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरु कर दी हैं। जुनेद / 26 फरवरी