- ग्वालियर में 39 परीक्षा केन्द्रों पर होगी यह परीक्षा कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित ग्वालियर ( ईएमएस ) | राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) अर्थात राज्य पात्रता परीक्षा ग्वालियर में बनाए गए 39 परीक्षा केन्द्रों पर रविवार 01 मार्च को होगी। इस दिन यह परीक्षा प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में 12 हजार 449 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये कलेक्ट्रेट के कक्ष क्र.-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षा के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह को सौंपी गई है। सेवानिवृत्त आईएएस महेन्द्र सिंह भिलाला व एन एस भटनागर को राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा ग्वालियर जिले के लिये पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है। कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम का टेलीफोन नम्बर 0751-2446214 है। यह कंट्रोल रूम 01 मार्च को प्रात: 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। कलेक्ट्रेट के अधीक्षक आई आर भगत (मोबा. 94251-35143) को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाया गया है। कंट्रोल रूम में परीक्षा से संबंधित शिकायतें व सुझाव दर्ज कराए जा सकेंगे। सेट परीक्षा में भाग ले रहे परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर प्रवेश नहीं दिया जायेगा। परीक्षार्थी चप्पल व सैंडल पहनकर आ सकेंगे। इलेक्ट्रोनिक डिवाइस जैसे मोबाइल फोन व घड़ी, बेल्ट, बालों में बांधने वाले क्लचर, बक्कल, हाथ के बैंड इत्यादि वस्तुयें परीक्षा केन्द्र में ले जाना वर्जित रहेगा।