ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिये सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा लगातार मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गई राजस्व विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर से सटे दो स्थानों से लगभग 15 हजार वर्गफीट बेशकीमती सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाए। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग साढ़े 4 करोड़ रुपए अनुमानित की गई है। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने बताया कि ग्राम रमौआ के अंतर्गत शासकीय सर्वे क्रमांक-71 की लगभग 10 हजार वर्गफुट जमीन पर जेतल विहार कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर वीरेन्द्र गुप्ता द्वारा पार्क की बाउण्ड्री बनाकर अतिक्रमण किया गया था। तहसीलदार सिटी सेंटर द्वारा पूर्व में इस प्रकरण में विधिवत बेदखली आदेश जारी कर 20 हजार रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया था। तहसीलदार द्वारा जारी किए गए बेदखली आदेश के आधार पर गुरुवार को राजस्व, पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा मशीनों की मदद से यह अतिक्रमण हटवा दिया गया है। इसी तरह ग्राम डोंगरपुर के सर्वे क्रमांक-187 की लगभग 5 हजार वर्ग फुट पर कुछ लोगों द्वारा पार्क बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इस प्रकरण में भी तहसीलदार सिटी सेंटर द्वारा बेदखली आदेश जारी कर 10 हजार रुपए का अर्थदण्ड भी लगाया गया था। तहसीलदार द्वारा जारी किए गए बेदखली आदेश के पालन में 26 फरवरी को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर अतिक्रमण हटवा दिए हैं। दोनों स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में तहसीलदार सिटी सेंटर कुलदीप दुबे, राजश्व निरीक्षक रवि करैया सहित नगर निगम व पुलिस की टीम शामिल रही।