क्षेत्रीय
26-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में बुजुर्ग आर्किटेक्टके घर फर्जी ईडी रेड का पुलिस ने खुलासा किया। लूट के लिए फर्जी रेड की साजिश घर की नौकरानी ने रची थी। नकली ईडी अधिकारी बनकर लाखों की नकदी और घड़ियां लूटी गईं थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी वर्दी और आईडी कार्ड भी बरामद किए हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में बुजुर्ग आर्किटेक्ट के घर पड़ी कथित ईडी रेड का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि रेड पूरी तरह से फर्जी थी और इसे लूट के लिया प्लान किया गया था। पुलिस के अनुसार घर की नौकरानी ने यह पूरी साजिश रची थी। 24 फरवरी 2026 को थाना न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी जांच की, करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। डी-ब्लॉक के निजी कैमरे, दिल्ली पुलिस के कैमरे और ट्रैफिक कैमरों की रिकॉर्डिंग को जोड़कर आरोपियों की गाड़ी का पूरा रूट तैयार किया गया। फुटेज में कार को सराय काले खां से गाजियाबाद बॉर्डर पार करते और फिर वैशाली के सेक्टर-4 में पार्क होते देखा गया। इसके बाद मोबाइल टावर डंप डेटा और आईएमइआई ट्रैकिंग के जरिए उन मोबाइल नंबरों की पहचान की गई, जो घटना स्थल और वैशाली पार्किंग दोनों जगह एक्टिव थे। जांच का तार सीधे गाजियाबाद स्थित पूजा राजपूत के घर तक पहुंचा। स्थानीय जानकारी से यह भी सामने आया कि पीड़ित परिवार की नौकरानी रेखा देवी अक्सर उसी पते पर जाती थी। यहीं से पूरी साजिश की पुष्टि हुई। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/फरवरी/2026