फर्रुखाबाद (ईएमएस)। यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कूंचा निवासी पुरुषोत्तम कौशल (70) व पत्नी पुष्पा देवी (65) की गोद ली हुई बेटी गुनगुन की करीब आठ पूर्व शादी हो गई थी। घर में दंपती ही रहते थे। बृहस्पतिवार दोपहर को मोहल्ले का युवक दूध देने के लिए पहुंचा। आवाज देने पर कोई जवाब अंदर से नहीं आया। इस पर उसे दरवाजे में धक्का दिया वह खुल गया। उसने अंदर जाकर देखा, तो पुरुषोत्तम का शव बेड और उनकी पत्नी पुष्पा देवी का शव बेड के पास ही पड़ा था। पुरुषोत्तम के गले में रस्सी कसी थी। युवक के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने घर में छानबीन की तो कुछ सामान बिखरा पड़ा था। उनकी बेटी को घटना की सूचना दी गई है। बेटी शादी जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव अकबरपुर में हुई है। उसका पति गुरुग्राम में बैंक में नौकरी करता है। शुरुआती जांच में लूट के बाद दंपती की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ भी बताने से बच रही है। फॉरेंसिक टीम को मामले की जानकारी दी गई है। इसके चलते अभी किसी को घर के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। जितेन्द्र 26 फरवरी 2026