राज्य
26-Feb-2026
...


नैनपुर- (ईएमएस)। ग्राम पंचायत खुर्सीपार के पोषक ग्राम बंजारा टोला, विकासखंड नैनपुर में एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लेकर प्राकृतिक एवं जैविक खेती की तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जनपद अध्यक्ष श्रीमती ओमवती उइके, कृषि समिति सदस्य श्री बीरबल परते, सहायक संचालक कृषि मंडला श्री अरविंद वर्मा, सहायक संचालक श्रीमती अंजू कुडापे सहित कृषि, पशुपालन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ए.एफ.सी. इंडिया के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय कृषक उपस्थित रहे। संगोष्ठी में उपस्थित विशेषज्ञों ने किसानों को कम लागत में जीरो बजट प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता कम हो रही है तथा मानव स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में प्राकृतिक खेती ही भविष्य का सुरक्षित विकल्प है। बीजामृत बीजों को रोगमुक्त कर अंकुरण क्षमता बढ़ाता है। नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र प्राकृतिक कीट नियंत्रण में सहायक हैं। भूमि सुधार एवं पर्यावरण संतुलन पर चर्चा विशेषज्ञों ने बताया कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से मिट्टी की संरचना सुधरती है, जल धारण क्षमता बढ़ती है तथा पर्यावरण संतुलन बना रहता है। रासायनिक लागत कम होने से किसानों की आय में वृद्धि संभव है। साथ ही प्राकृतिक उत्पादों की बाजार में मांग भी बढ़ रही है, जिससे बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है और प्राकृतिक खेती के माध्यम से कम लागत, अधिक लाभ एवं स्वस्थ समाज की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यह संगोष्ठी न केवल किसानों के लिए ज्ञानवर्धक रही, बल्कि क्षेत्र में जैविक एवं जहर मुक्त खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई। ईएमएस/ मोहने/ 26 फरवरी 2028