राज्य
26-Feb-2026


चोरी का आरोप लगाकर मारने का आरोप जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओमनगर में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई है। घटना प्रहलाद मूर्तिकार वाली गली में चल रही भागवत कथा के दौरान की बताई जा रही है। घायल युवक की बहन पद्मा केवट ने आरोप लगाया है कि पिंटू सेन और अन्य ने उसके भाई को घर से जबरन उठाया। इसके बाद उसे कथास्थल के पास ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। परिजनों का कहना है कि युवक को जानबूझकर चोरी के झूठे मामले में फंसाया गया, जबकि असली संदिग्ध को मौके से भगा दिया गया। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पार्षद पर भी लगाए आरोप … मामले में एक चौंकाने वाला आरोप स्थानीय पार्षद प्रमोद पटेल पर भी लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि जब युवक के साथ मारपीट हो रही थी, उस समय पार्षद मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया। घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। सुनील साहू / शहबाज / 26 फरवरी 2026/ 06.51