राज्य
26-Feb-2026


निगम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन जबलपुर, (ईएमएस)। शहर में गौवंश की देखभाल और प्रबंधन को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए गौवंश प्रबंधन में लापरवाही और अनियमितताओं का आरोप लगाया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में केटल वैन और गौ एम्बुलेंस की सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रही हैं। उनका आरोप है कि बीमार और घायल गौवंश को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे सड़कों पर ही पड़े रहते हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आवारा गौवंश की समस्या से निपटने के लिए कोई स्पष्ट और ठोस योजना नजर नहीं आ रही है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि गौवंश प्रबंधन का जिम्मा संभालने वाली एजेंसियां अपेक्षित कार्य नहीं कर रहीं, जबकि उन्हें नियमित भुगतान किया जा रहा है। संगठनों ने इस पूरे मामले की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में हाल ही की एक घटना का जिक्र भी किया गया, जिसमें एक बीमार गौवंश के साथ कथित रूप से लापरवाही बरती गई। संगठनों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। आंदोलन की चेतावनी…… विहिप और बजरंग दल ने मांग की है कि संबंधित समिति या एजेंसी की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक महीने के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। नगर निगम प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। सुनील साहू / शहबाज / 26 फरवरी 2026/ 06.52