राज्य
26-Feb-2026
...


परिवारजन 5 महीनें से लगा रहे न्याय की गुहार जबलपुर, (ईएमएस)। खजरी खिरिया क्षेत्र के एक परिवार ने अपने जुड़वां नवजात बच्चों की मौत के मामले में दोबारा जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि वे पिछले पांच महीनों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। रामराज पटेल और उनकी पत्नी वंदना पटेल के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को शहर के एक निजी अस्पताल ‘मातृ ऑर्थो एंड गायनिक सेंटर’ में वंदना ने दो जुड़वां बेटों को जन्म दिया था। परिजनों का दावा है कि जन्म के समय दोनों बच्चे स्वस्थ थे। कुछ घंटों बाद बच्चों में पीलिया के लक्षण दिखाई देने लगे। परिवार का आरोप है कि अस्पताल की ओर से समय पर सही उपचार नहीं दिया गया। जब हालत बिगड़ गई, तब बच्चों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत जबलपुर में और दूसरे की नागपुर में हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कराई थी। विभागीय रिपोर्ट में बच्चों की मौत का कारण ‘ब्लड ग्रुप संबंधी जटिलता’ बताया गया है। हालांकि, परिवार इस रिपोर्ट से सहमत नहीं है। उनका कहना है कि इलाज के दौरान उन्हें बच्चों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर उचित उपचार मिलता, तो शायद बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दोबारा जांच कराई जाए। साथ ही, यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल परिवार न्याय की उम्मीद में अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहा है। सुनील साहू / शहबाज / 26 फरवरी 2026/ 06.52