गुना (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री ने आज प्रातः वार्ड क्रमांक 9 और 10 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद विनोद लोधा और वार्ड 9 के पार्षद प्रतिनिधि लालाराम लोधा के साथ उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्य से अनुपस्थित पाए गए 6 सफाई कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सीएमओ ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश स्वच्छता प्रभारी को दिए हैं। भ्रमण के दौरान पार्षदों ने वार्डों में नाली निर्माण और गलियों में सड़क मरम्मत की मांग रखी, जिस पर सुश्री खत्री ने संबंधित उपयंत्री को तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही, मुख्य सड़क के किनारे स्थित दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और अमानक पॉलिथीन का उपयोग पूर्णतः बंद करने की हिदायत दी गई। निरीक्षण के समय उपयंत्री नितिन चंदेल, अमित आर्य, बृजमोहन खरे, राजेश सिलवट और नगर पालिका की सहयोगी टीम सिद्धिविनायक के सदस्य उपस्थित रहे। सीताराम नाटानी