नई दिल्ली (ईएमएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जेएनयूटीए) ने एक बयान में, पुलिस द्वारा बल प्रयोग की निंदा की। संघ ने आरोप लगाया कि कई छात्राएं और छात्र घायल हुए हैं और हिरासत में लिए गए लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की, साथ ही दावा किया कि कुछ को अपुष्ट स्थानों पर ले जाया गया है। दिल्ली में गुरुवार को छात्र संघ द्वारा निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने उस पर हमला किया। वहीं प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपने खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी छात्रों में से कई को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने लाठियां और जूते फेंके और हमले किए, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि जेएनयू छात्र संघ यूजीसी के नियमों को लागू करने की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए है। दिल्ली पुलिस ने छात्रों को परिसर के अंदर ही रोकने के लिए बैरिकेड लगा दिए हैं। भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/27/फरवरी/2026