27-Feb-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत पिपरिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों द्वारा ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय मूल्यों का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जिससे आम जनता में रेलवे की सकारात्मक, विश्वसनीय एवं संवेदनशील छवि और अधिक सुदृढ़ हुई है। दिनांक 27 फरवरी को हरीश कुमार पटेल, निवासी पिपरिया, रेलवे टिकट काउंटर (सिटी साइड) पर पिपरिया से जबलपुर हेतु टिकट लेने पहुंचे थे। टिकट लेने के दौरान उनका पर्स भूलवश काउंटर के बाहर छूट गया, जिसमें कुल 10 हजार 360 रुपए रखे हुए थे। रेलवे स्टाफ की सजगता, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए ए.टी.व्ही.एम. फैसिलिटेटर राजकुमार खरे के सहयोग से पर्स को तुरंत सुरक्षित रूप से बरामद किया गया तथा पूर्ण राशि सहित सम्मानपूर्वक यात्री को वापस सौंपा गया। इस सराहनीय कार्य में पंकज कुमार अकेला (सी.वी.एस.), मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक, पिपरिया सहित स्टेशन के समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर यात्री हरीश कुमार पटेल द्वारा पिपरिया रेलवे स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। सुनील साहू / मोनिका / 27 फरवरी 2026/ 05.51