खेल
27-Feb-2026


अलीगढ़ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। क्रिकेटर रिंकू सिंह भी पिता के निधन के बाद टी-20 विश्व कप को बीच में छोड़कर अलीगढ़ पहुंचे। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शु्क्रवार सुबह करीब 4ः36 बजे ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे चौथे स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले ही उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर चल रहे थे। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अलीगढ़ लाया गया। वहीं, पिता के निधन की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप छोड़कर चेन्नई से अलीगढ़ अपने घर पहुंचे। पिता की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा के बाद शंकर विहार स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे सोनू सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी। रिंकू सिंह इससे पहले पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मंगलवार को टीम इंडिया का साथ छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। इस कारण उन्हें टी-20 विश्व कप का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। हालांकि, 25 फरवरी को रिंकू चेन्नई लौटे और टीम के साथ जुड़े थे। जितेन्द्र 27 फरवरी 2026