क्षेत्रीय
28-Feb-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | होली एकता और भाईचारे का त्यौहार है, शहरवासी होली के अवसर पर पर्यावरण को नुकसान न पंहुचाएं तथा केवल गोबर के कंडे अथवा गौकाष्ठ से ही होली जलाएं। इसके साथ ही यह भी ध्यान रखें कि शहर भी गंदा न हो क्योंकि यह शहर हम सभी का है तथा इसे साफ रखने की भी जिम्मेदारी भी हम सभी की है। यह आग्रह नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने होली के त्यौहार को लेकर शहर के नागरिकों से अपील करते हुए किया।          निगमायुक्त संघ प्रिय ने सभी शहरवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि शहर में जितने भी स्थान पर होलिका दहन हो वह केवल कंडो अथवा गौकाष्ठ से ही हो, इसमें पेड अथवा लकडियों का उपयोग न करें। पर्यावरण-अनुकूल कदम उठाएं, लकड़ी की जगह गौकाष्ठ को उपयोग करें। लकड़ी जलाने से पेड़ों की कटाई बढ़ती है, जबकि गौमाता के गोबर से बनी गौ-काष्ठ प्राकृतिक, शुद्ध, सुरक्षित और पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प है। साथ ही होलिका के नीचे मिटटी रखें जिससे सडक खराब न हो तथा होलिका के उपर कोई विद्युत आदि के तार न हों। इसके साथ ही होलिका यातायात में बाधक न हों।         इसके साथ ही निगमायुक्त संघ प्रिय ने कहा कि सभी नागरिकों से आग्रह है कि होली हर्षोल्लास के साथ मनाएं लेकिन शहर में कहीं भी गंदगी न तो स्वयं करें और न ही किसी को करने दें, क्योंकि यदि आप ठान लेगें कि हमारा ग्वालियर स्वच्छ रहे तो यह निश्चिित है कि ग्वालियर साफ व स्वच्छ ही रहेगा। शहरवासी शहर को गंदा एवं बदरंग न करें।          निगमायुक्त ने सभी से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर भी इस प्रकार का माहौल बनाएं कि लोग जागरुक हों और कंडो की होली जलाएं तथा जैविक रंगो से होली खेलकर त्यौहार हर्षोल्लास से मनाएं।