राजगढ़(ईएमएस)l भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत शनिवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। होटल संस्कृति में हुई इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने की। कार्यशाला के मुख्य अतिथि संभाग प्रशिक्षण प्रभारी पंकज जोशी ने कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण और विचारों की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को कुशल नेतृत्वकर्ता बनाती है। जोशी ने आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने प्रशिक्षण को कार्यकर्ता के अनुशासन और आत्मानुशासन की निरंतर प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण ने ही भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी और अजेय पार्टी बनाया है। संभाग प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने पंच परिवर्तन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज निर्माण का संगठन है। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, नागरिक अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। जिला प्रशिक्षण संयोजक जगदीश पवार ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण के उद्देश्य, स्तर, विषय, समय-सीमा और संगठनात्मक योजना की तकनीकी जानकारी दी। जिला संगठन प्रभारी ध्रुव नारायण सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के निर्माण की मूलभूत प्रक्रिया है और सभी को प्रत्येक सत्र को गंभीरता से आत्मसात करना चाहिए। कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, बद्री लाल यादव, पुरसिंग पवार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी, प्रदेश कर समिति सदस्य मोना सुस्तानी, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार देवी सिंह सोंधिया ने व्यक्त किया।-निखिल/राजगढ़/28/2/2026