क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


- डीएम ने कृषि एवं कृषि से जुड़े विभागों के साथ की समीक्षा बैठक मधुबनी, (ईएमएस)। कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि विभाग के साथ-साथ पशुपालन, गव्य विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता एवं अन्य कृषि संबंधी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था। बैठक में सर्वप्रथम जिले में एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की गई। इस क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि जिले में अब तक लगभग 54 प्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष किसानों का फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस कार्य को निरंतर गति प्रदान करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कृषि विभाग के पंचायत स्तरीय कर्मियों द्वारा फसलों का वास्तविक आकलन किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों में समयबद्ध रूप से डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य पूर्ण कराने का स्पष्ट निर्देश दिया। उर्वरक की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी उर्वरक निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करें तथा उर्वरकों की उपलब्धता एवं बिक्री दर पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि लक्ष्य के अनुरूप मृदा स्वास्थ्य कार्ड का निर्माण कर किसानों को उपलब्ध कराया जाए तथा कार्ड में दर्शाए गए परिणामों की जानकारी किसानों को सरल भाषा में समझाकर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाए, ताकि वे संतुलित उर्वरक उपयोग कर सकें। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। इस अवसर पर अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय एवं कार्यकारी पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २८ फरवरी/२०२६/ईएमएस