राष्ट्रीय
28-Feb-2026


वाराणसी,(ईएमएस)। काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर रंगभरी एकादशी के मौके पर पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि काशी में मंदिर के गंगा द्वार पर ड्यूटी कर रहे एक सिपाही ने एक बटुक के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिपाही ने पहले बटुक का मुंह नोचा और फिर बटुक पर ताबड़तोड़ तीन थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद मौके पर मौजूद दरोगा ने उसके बाल खींचे और धक्का देकर बैरिकेडिंग के पीछे कर दिया। घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद बटुक को दर्शन की अनुमति नहीं दी गई और उस बटुक को बिना दर्शन लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि घटना तब हुई जब बाबा विश्वनाथ रंगभरी एकादशी पर माता पार्वती के साथ पालकी में सवार होकर मंदिर के गर्भगृह पहुंचे। परंपरा के अनुसार, एक दिन पहले बाबा पालकी पर सवार होकर महंत आवास गौना कराने गए थे और शुक्रवार को पुनः मंदिर लौटे। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली पालकी यात्रा में दो लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। पालकी के गर्भगृह में प्रवेश के बाद पुलिस ने बाहर मौजूद श्रद्धालुओं को रोक दिया। अंदर जाने की कोशिश को लेकर पुलिस और भक्तों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बटुक के साथियों से भी बदसलूकी की और लाइन में खड़ी महिला श्रद्धालुओं से धक्का-मुक्की की। एक महिला पत्रकार के साथ भी अभद्र व्यवहार की बात सामने आई है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई। आशीष दुबे / 28 फरवरी 2026