फाइनल मैच ड्रॉ रहा, कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर जीत तय हुई नई दिल्ली (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है। टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। जम्मू कश्मीर ने 24 फरवरी को टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 584 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने कर्नाटक को 293 रन पर ऑल आउट कर दिया था। दूसरी पारी में जम्मू कश्मीर ने 4 विकेट पर 342 रन बनाए और पारी डिक्लेयर कर दी। पहली पारी में मिली बढ़त की आधार पर जम्मू कश्मीर की टीम को विजेता घोषित किया गया। टीम ने 8 बार की विजेता कर्नाटक को हराया है। जम्मू-कश्मीर ने 5वें और आखिरी दिन 186/4 के स्कोर से खेलना शुरू किया। कामरान इकबाल ने शतक लगाया और टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। लंच सेशन तक टीम ने 4 विकेट खोकर 262 रन बना लिए। कामरान 124 और साहिल लोत्रा 80 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। दोनों ने सेंचुरी पार्टनरशिप कर ली। टीम ने 576 रन की बढ़त बना ली है। शुक्रवार को मुकाबले के चौथे दिन टीम ने 4 विकेट गंवा दिए। यावर हसन 1, शुभम पुंदीर 4, कप्तान पारस डोगरा 16 और अब्दुल समद 32 रन बनाकर आउट हुए। कर्नाटक से प्रसिद्ध कृष्णा 2 विकेट ले चुके हैं। विजयकुमार वैशाख और श्रेयस गोपाल को 1-1 विकेट मिला। विनोद उपाध्याय / 28 फरवरी, 2026