खेल
28-Feb-2026
...


:: हितेश, नितीश, कुणाल, शिवम, नतानिया और जमानी ने भी जीते स्वर्ण पदक; अभय प्रशाल में खिलाड़ियों ने दिखाई रैंकिंग की चमक :: :: मध्य प्रदेश की झोली में आए दो रजत, 22 राज्यों के सूरमाओं ने दिखाया दमखम :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की खेल राजधानी इंदौर के अभय प्रशाल में आयोजित यूटीटी पैरा नेशनल टेबल टेनिस स्पर्धा का शनिवार को अत्यंत रोमांचक समापन हुआ। टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त ओलंपिक पदक विजेता भाविना पटेल और सोनल पटेल के साथ हितेश डोलवानी, नितीश वाई, कुणाल अरोड़ा, शिवम पाल, नतानिया जैन और जमानी नूरजहाँ ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्णिम सफलता प्राप्त कर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विश्व रैंकिंग में नंबर-2 स्थान रखने वाली टोक्यो पैरा ओलंपिक की रजत पदक विजेता भाविना पटेल ने महिला क्लास 4-5 के खिताबी मुकाबले में तेलंगाना की विजया दीपिका को 3-2 से पराजित किया, वहीं विश्व की 7वें नंबर की खिलाड़ी सोनल पटेल (गुजरात) ने क्लास 3 के फाइनल में चंडीगढ़ की विद्या कुमारी को 3-0 से शिकस्त देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। पुरुषों के वर्गों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले दिग्गजों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्लास 10 के फाइनल में विश्व रैंकिंग 41 वाले हितेश डोलवानी (तेलंगाना) ने महाराष्ट्र के विश्व तांबे को 3-1 से हराकर खिताब जीता। क्लास 9 में नितीश वाई (तमिलनाडु) ने महाराष्ट्र के दत्तप्रसाद चौगुले को 3-2 के कड़े संघर्ष में मात दी। क्लास 8 में उत्तर प्रदेश के कुणाल अरोड़ा ने कर्नाटक के अजय जी.वी. को 3-1 से पराजित किया और क्लास 7 में शिवम पाल (उत्तर प्रदेश) ने मध्य प्रदेश के हर्ष त्रिवेदी को 3-0 से शिकस्त दी। इसी प्रकार क्लास 6 में विकास ठाकुर (गुजरात) ने यजदी भामगरा (गुजरात) को 3-0 से, क्लास 4-5 में सुमित सहगल (हरियाणा) ने त्रिवेंद्र सिंह (उत्तर प्रदेश) को 3-1 से और क्लास 3 में शुभम वाधवा (पंजाब) ने मधु राम (राजस्थान) को 3-0 से हराया। क्लास 2 में जगन्नाथ हम्मे (कर्नाटक) ने अविनाश गोपीनाथन (तमिलनाडु) को 3-1 से और क्लास 1 में विश्व रैंकिंग 16 वाले जे.डी. मदान (तमिलनाडु) ने मयंक श्रीवास्तव (उत्तर प्रदेश) को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। महिला वर्ग में भी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग वाले खिलाड़ियों का दबदबा रहा। क्लास 10 में नतानिया जैन (दिल्ली) ने देवयानी वाल्घे (मध्य प्रदेश) को 3-0 से हराकर स्वर्ण जीता। क्लास 9 में विश्व रैंकिंग 10 वाली बेबी सहाना (तमिलनाडु) ने हरियाणा की महक कौर को 3-1 से मात दी। क्लास 8 में सविता वी. अज्जप्पानवर (कर्नाटक) ने निशा कुमारी (तेलंगाना) को 3-0 से पराजित किया। क्लास 7 के रोमांचक मुकाबले में विश्व की 23वें नंबर की खिलाड़ी जमानी नूरजहाँ (गुजरात) ने अपनी ही राज्य की ध्वनि शाह को 4-1 से शिकस्त देकर स्वर्ण जीता। क्लास 6 में विश्व रैंकिंग 18 वाली प्राची पांडे (उत्तर प्रदेश) ने भाविका कुकड़िया (गुजरात) को 3-1 से हराया और क्लास 1-2 में दीपिका रानी रामनाथन (तमिलनाडु) ने विश्व रैंकिंग 12 वाली एकता भ्यान (हरियाणा) को 3-0 से पराजित कर खिताबी सफलता अर्जित की। :: म.प्र. के खिलाड़ियों ने रजत पदकों से बढ़ाया मान :: मेजबान मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यद्यपि वे स्वर्ण पदक से चूक गए, लेकिन उनके जुझारू खेल ने सबका दिल जीत लिया। देवयानी वाल्घे ने महिला एकल क्लास 10 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। वहीं, हर्ष त्रिवेदी ने पुरुष एकल क्लास 7 के फाइनल तक का सफर तय कर रजत पदक अपने नाम कर प्रदेश का मस्तक ऊँचा किया। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सांसद शंकर लालवानी के मुख्य आतिथ्य एवं मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सांसद लालवानी ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि विश्व स्तर के इन एथलीटों का संघर्ष और जीत का जज्बा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर म.प्र. टेबल टेनिस संगठन के जयेश आचार्य, प्रमोद गंगराड़े और रिंकू आचार्य विशेष रूप से उपस्थित थे। तकनीकी व्यवस्थाओं का जिम्मा मुख्य निर्णायक डी.एस. रमन कुमार (आंध्र प्रदेश) के नेतृत्व में 20 अनुभवी रेफरी ने संभाला। प्रकाश/28 फरवरी 2026