कैंडी (ईएमएस)।पाकिस्तान की टीम टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। टीम को टॉप-4 में पहुंचने के लिए 213 रन का टारगेट चेज कर रही श्रीलंका को 147 रन पर रोकना था। लेकिन, श्रीलंकाई टीम ने 16वें ओवर में 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इसी के साथ पाकिस्तानी टीम टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई और न्यूजीलैंड की टीम टॉप-4 में पहुंच गई। पाकिस्तानी टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन बनाए। जवाबी पारी में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन ही बना सकी। कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान (100 रन) ने शतक लगाया। जबकि फखर जमान (84 रन) ने फिफ्टी बनाई। दोनों के बीच रिकॉर्ड 176 रन की साझेदारी हुई। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 3 विकेट झटके। दो विकेट दसुन शनाका को मिले। दुष्मंथा चमीरा के हिस्से एक विकेट आया। सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करने की जरूरत थी। मगर टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी मेजबान श्रीलंका ने उसके इन अरमानों पर पानी फेर दिया। श्रीलंका के हाथों मिले इस झटके के कारण पाकिस्तान जहां सेममीफाइनल की रेस से बाहर हो गई तो वहीं इसका फायदा न्यूजीलैंड को मिला, जो ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई। सुबोध/२८-०२-२०२६