इंदौर (ईएमएस)। जिला पंचायत इंदौर द्वारा भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत शनिवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। रामबाग स्थित मल्हार सांदीपनि आश्रम में आयोजित इस स्पर्धा में जिले के चारों विकासखंडों - इंदौर, महू, सांवेर और देपालपुर की टीमों ने कबड्डी और पिट्ठू (सितौलिया) में अपना कौशल दिखाया। कबड्डी स्पर्धा में सांवेर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देपालपुर द्वितीय और महू तृतीय स्थान पर रही। पिट्ठू प्रतियोगिता में इंदौर की टीम विजेता बनी, सांवेर ने द्वितीय और देपालपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय एवं सीईओ सिद्धार्थ जैन द्वारा प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान की गई। प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 21,000, द्वितीय को 11,000 और तृतीय को 5,100 रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। सीईओ सिद्धार्थ जैन ने ग्रामीण खेलों को लोकप्रिय बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की बात कही। इस अवसर पर सफल आयोजन के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक आकांक्षा सक्सेना और रिंकी रावत सहित जनपद समन्वयकों की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज और खिलाड़ियों के सम्मान के साथ हुआ। प्रकाश/28 फरवरी 2026