क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). होली त्यौहार के दृष्टिगत कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों, विशेषकर दूध एवं दूध से निर्मित मिठाइयों पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर कार्रवाई की जा रही है। 28 फरवरी को वारासिवनी क्षेत्र की विभिन्न डेयरियों एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर सैंपलिंग की गई। कार्यवाही के दौरान प्रतीक डेयरी, जैन डेयरी एवं मिष्ठान, सुलाखे डेयरी एवं मिष्ठान, मां वैशाली राजपुरोहित स्वीट्स, नवीन बेकरी एवं डेयरी तथा आदिनाथ स्वीट्स से कुल 10 नमूने जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों में पनीर, दही, खोवा, मलाई पेड़ा, कलाकंद, बादाम बर्फी, घी, कंडेंस्ड मिल्क, इन्फेंट मिल्क एवं लस्सी शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को त्यौहार के दौरान गुणवत्तायुक्त, स्वच्छ एवं हाइजीनिक परिस्थितियों में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री के विक्रय के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे एवं वाजिद मोहिब उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे केवल प्रमाणित एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें। भानेश साकुरे / 28 फरवरी 2026