बालाघाट (ईएमएस). होली पर्व के अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बालाघाट में दो दिवसीय आजीविका होली मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। 28 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित यह मेला जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ सदस्य मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग मौसम बिसेन, जिला पंचायत सदस्य सुनीता बहेटवार, सरपंच पुष्पा नागेश्वर व जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनआरएलएम) श्वेता महतो सहित आजीविका मिशन की दीदियों की उपस्थिति में हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वर, समाजसेवी अनूप सिंह बैंस ने मेले में स्टॉलों का अवलोकन कर स्व-सहायता समूह की दीदियों का उत्साहवर्धन किया। जिपं अध्यक्ष सरस्वर ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना आवश्यक है और दीदियों के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। सुनीता बहेटवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं सशक्त होकर नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। आयोग सदस्य मौसम बिसेन ने कहा कि होली के पावन पर्व पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया गया है। उन्होंने एनआरएलएम की दीदियों द्वारा तैयार प्राकृतिक गुलाल एवं अन्य उत्पादों की सराहना करते हुए नागरिकों से स्थानीय उत्पाद खरीदकर आत्मनिर्भरता अभियान में सहयोग करने की अपील की। जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्वेता महतो ने बताया कि मेले में खाद्य सामग्री, फूड स्टॉल, कोदो-कुटकी व रागी जैसे मिलेट से बने व्यंजन, पारंपरिक मिठाइयां, हस्तनिर्मित खाद्य सामग्री, जैविक उत्पाद एवं अन्य ग्रामीण उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं। प्रकृति के संग, आत्मनिर्भरता के रंग थीम पर आधारित यह आयोजन प्राकृतिक रंगों के उपयोग और वोकल फॉर लोकल की भावना को बढ़ावा देता है। भानेश साकुरे / 28 फरवरी 2026