राज्य
28-Feb-2026


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर सॉफ्टवेयर एसोसिएशन (आईएसए) द्वारा यशवंत क्लब में आयोजित क्रिकेट लीग के चौथे दिन रोमांचक मुकाबलों के बीच ग्रुप ए से टीसीएस और सोल्यूजेनिक ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद उत्साहपूर्ण रही, जहां आईटी समुदाय की विभिन्न टीमों ने खेल भावना और आपसी तालमेल का शानदार परिचय दिया। आईएसए प्रबंधन के सचिन साबू और स्वप्निल बंसल ने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक चरण यानी क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 01 मार्च को यशवंत क्लब में ही खेले जाएंगे। इस समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह लीग न केवल खेल का मंच है, बल्कि आईटी प्रोफेशनल्स के बीच एकता, नेतृत्व और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। प्रकाश/28 फरवरी 2026