राज्य
28-Feb-2026
...


:: इंदौर में आयोजित संभाग स्तरीय बैठक में अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते को बताया देशविरोधी, जत्थों की रूपरेखा तैयार :: इंदौर (ईएमएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक और व्यापारिक नीतियों को जन-विरोधी करार देते हुए देशव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को इंदौर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते में भारत सरकार ने देश की संप्रभुता और किसानों के हितों की बलि चढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिकी कृषि उत्पाद शून्य प्रतिशत टैरिफ पर भारत आएंगे, जबकि भारतीय उत्पादों पर शुल्क को बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे देश के पशुपालकों को सीधे तौर पर एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा। जसविंदर सिंह ने रूस से मिलने वाले सस्ते तेल को बंद कर अमेरिका से महंगा तेल खरीदने के फैसले को अपमानजनक बताया और कहा कि डॉलर के बढ़ते प्रभुत्व से देश में महंगाई और बढ़ेगी। माकपा नेता ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चार श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों को गुलाम बनाने की साजिश रची जा रही है और मनरेगा जैसी योजनाओं को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बिजली बिल और बीज बिल को भी कॉर्पोरेट घरानों के पक्ष में बताया और कहा कि इससे गरीबों के घरों में अंधेरा होगा। पार्टी राज्य समिति सदस्य कैलाश लिम्बोदिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी 24 मार्च को दिल्ली में होने वाली विशाल रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक के दौरान इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और नीमच से निकलने वाले जत्थों की रणनीति तैयार की गई। इस अवसर पर जिला सचिव अरुण चौहान सहित मांगीलाल नागावत, राम त्यागी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रकाश/28 फरवरी 2026