होटल व्यवसायी की फर्मों में सेंट्रल जीएसटी की रेडए कई ठिकानों पर देर रात तक चली कार्रवाई जबलपुर, (ईएमएस)। सेंट्रल जीएसटी की एंटी इवेजन टीम की कार्रवाई शनिवार को शहर में चर्चा का विषय बनी रही। गत दिवस शुरू हुई छापेमार कार्रवाई के दूसरे दिन नया अपडेट सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, जांच शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर ही चंडोक मशीनरीज एवं शान अलीजे होटल के संचालक नितिन और राजेश चंडोक ने करीब 40 लाख रुपये का टैक्स जमा किया। विभागीय स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्र इसे जांच के दबाव में की गई आंशिक कर-अदायगी मान रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीमों ने तिलवारा रोड स्थित होटल, अधारताल इंडस्ट्रियल स्टेट की फैक्ट्री, करमचंद चौक के समीप कार्यालय और सिविल लाइन क्षेत्र में दस्तावेजों की पड़ताल की। कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बिल-बुक, जीएसटी रिटर्न, ई-वे बिल और बैंक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त कर उनकी मिलान प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्रवाई देर रात तक चली और कई जगहों पर दस्तावेज सील कर सुरक्षित रखे गए। इवेंट बिलिंग के जरिए कैश खपाकर जीएसटी चोरी का शक … सूत्रों के हवाले से एक नया एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि टीम को ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि नितिन और राजेश चंडोक के होटल तिलवारा रोड स्थित शान अलीजे में बड़े कार्यक्रम शादिया आयाजित होती हैं. इस दौरान बिलिंग में बड़े हेर फेर की संभावना है। बताया जा रहा है कि किसी भी कार्यक्रम के भुगतान में आधिकारिक बिलिंग को कम दिखाकर शेष राशी नगद में बड़े स्तर पर ली जाती है. जांच एजेंसी अब इस मॉडल के जरिए संभावित टैक्स चोरी की प्रक्रिया की बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि, संबंधित होटल या व्यवसायियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आधिकारिक चुप्पी बरकरार … सेंट्रल जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक कर देनदारी और संभावित अनियमितताओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। शहर के व्यापारिक हलकों में इस कार्रवाई को बड़े स्तर की जांच माना जा रहा है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सुनील साहू / शहबाज / 28 फरवरी 2026/ 07.11