राज्य
28-Feb-2026


:: मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आगामी होली पर्व के मद्देनजर नागरिकों और धार्मिक उत्सव समितियों से सुरक्षा बरतने की विशेष अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि होलिका दहन के दौरान बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मर, पोल, केबल और अन्य विद्युत संसाधनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना अनिवार्य है। बिजली के उपकरणों के समीप अग्नि प्रज्वलित करने से न केवल बड़े विद्युत हादसों का खतरा बना रहता है, बल्कि इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। कंपनी प्रबंधन ने उमंग और भक्ति के इस पर्व को सुरक्षित माहौल में मनाने का अनुरोध करते हुए कहा है कि ग्रिड और ट्रांसफार्मर के पास होलिका दहन करने से उपकरणों को क्षति पहुँच सकती है। इसके साथ ही, उपभोक्ताओं से यह भी अपील की गई है कि वे बिजली की लाइनों, खंभों और ट्रांसफार्मर के पास गीला रंग न उड़ाएं, क्योंकि इससे शॉर्ट सर्किट और गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कंपनी ने विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया है। प्रकाश/28 फरवरी 2026