:: पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा चयन, ड्रोन सर्विस और बैटरी मेंटेनेंस जैसे आधुनिक कोर्सेस में करियर बनाने का सुनहरा मौका :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के अंतर्गत कौशल उन्नयन का सुनहरा अवसर आया है। शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नंदा नगर के प्राचार्य ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि योजना के चौथे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस योजना के तहत प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा और सीटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल दस्तावेजों के साथ सीधे संस्थान में संपर्क कर सकते हैं। संस्थान द्वारा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कई आधुनिक जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सर्विस तकनीशियन (होम अप्लायंसेज), ड्रोन सर्विस तकनीशियन, इंडस्ट्रियल वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट ऑपरेटर, बैटरी मेंटेनेंस (प्रोसेसिंग एवं रिसाइकिलिंग) और टेलीकॉम ई-वेस्ट हैंडलर जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (12वीं) उत्तीर्ण रखी गई है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए विशेष रूप से टैक्सी ड्राइवर प्रशिक्षण का विकल्प भी उपलब्ध है। प्लास्टिक रिसाइकिलिंग माइक्रो इंटरप्रेन्योर कोर्स के लिए न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल (10वीं) निर्धारित की गई है। इन सभी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि दो से तीन माह सुनिश्चित की गई है, जिससे कम समय में युवा तकनीकी रूप से दक्ष होकर रोजगार या स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे। प्रकाश/28 फरवरी 2026