मनोरंजन
02-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा की नई फिल्म अस्सी की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन फिल्म ने दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ी है। देशभर में महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न और उससे जुड़ी समाज की जहरीली मानसिकता पर यह फिल्म सीधी चोट करती है। कोर्टरूम ड्रामा, पीड़िता की पीड़ा और न्याय की लड़ाई को जिस बारीकी और संवेदनशीलता से फिल्म में दर्शाया गया है, उसने दर्शकों के साथ-साथ दिग्गज कलाकारों को भी प्रभावित किया है। गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि अस्सी न सिर्फ भावनात्मक स्तर पर असर डालती है बल्कि कई जरूरी सवालों के जवाब भी देती है। उनके मुताबिक यह फिल्म समाज की कड़वी सच्चाइयों को बेहद प्रभावशाली तरीके से उजागर करती है। सामाजिक-राजनीतिक और रियलिस्टिक विषयों पर बनी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली तापसी पन्नू की परफॉर्मेंस खास तौर पर दर्शकों को भीतर तक झकझोर देती है। इसी तरह, मशहूर शेफ और कुकिंग शो मास्टरशेफ इंडिया के जज रणवीर बरार ने भी फिल्म की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म विजुअल रूप से बेहद मजबूत है और अपनी प्रस्तुति के कारण दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है। रिलीज के साथ ही फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। ओपनिंग डे पर अस्सी ने 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि दूसरे और तीसरे दिन कुल 3.20 करोड़ का कारोबार किया। पहले हफ्ते में फिल्म 4.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन जुटाने में सफल रही। हालांकि सोमवार से इसके कलेक्शन में गिरावट देखी गई और अब तक फिल्म कुल 6.30 करोड़ रुपये ही कमा पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग 30 करोड़ रुपये है। इस हिसाब से अस्सी अभी बजट का चौथाई हिस्सा भी वापस नहीं ला सकी है, लेकिन फिर भी दर्शक और समीक्षक फिल्म की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पा रहे। फिल्म ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि इसके कम प्रदर्शन का कारण प्रमोशन की कमी और स्टार पावर का अभाव है। सही तरीके से प्रचार नहीं होने के चलते फिल्म अपनी क्षमता के अनुसार दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी। सुदामा/ईएमएस 02 मार्च 2026