मुंबई (ईएमएस)। 70 और 80 के दशक में सत्यम शिवम सुंदरम, रोटी कपडा और मकान, लावारिस और हरे रामा हरे क्रष्णा जैसी फिल्मों से सुपरस्टार बनीं अभिनेत्री जीनत अमान आज भी अपने अंदाज़, फिटनेस और क्लासिक फैशन सेंस से लोगों को प्रेरित करती हैं। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि उनकी अलमारी में आज भी 25 साल पुराने कपड़े सलीके से रखे हुए हैं, क्योंकि उनके मुताबिक अच्छी चीजें कभी पुरानी नहीं होतीं। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्टें मनोरंजन के साथ-साथ जीवन की सादगी और गहराई को भी खूबसूरती से पेश करती हैं। वे अक्सर पुरानी फिल्मों, कलाकारों और अपने अनुभवों से जुड़े किस्से साझा करती रहती हैं। अपनी नई पोस्ट में उन्होंने बेहद दिलचस्प अंदाज़ में लिखा कि उनके लिए सचमुच “ओल्ड इज़ गोल्ड” है। उन्होंने एक एलीगेंट आउटफिट में तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्हें पुराने कपड़ों को रिपीट करना बेहद पसंद है। जीनत ने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि सिर्फ इसलिए अच्छे कपड़ों को फेंक देना कि उन्हें पहले पहन लिया गया है यह तर्क उन्हें कभी समझ नहीं आया। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले साल इसी ब्रांड के लिए उन्होंने शूट किया था और अब वही पोशाक वे फॉर्मल इवेंट्स के लिए दोबारा पहन रही हैं। स्प्रिंग क्लीनिंग के दौरान, जीनत को अपनी अलमारी में कई ऐसे कपड़े मिले जिन्हें उन्होंने 25 साल से भी अधिक समय से संभालकर रखा है। इन कपड़ों को देखकर न सिर्फ यादें ताज़ा हुईं, बल्कि यह एहसास भी फिर जागा कि समय बीत जाने के बावजूद कुछ चीजें दिल के बेहद करीब रहती हैं। उन्होंने फैंस से सवाल भी पूछा कि क्या उनकी अलमारी में भी ऐसा कोई कपड़ा है जिसे वे कई वर्षों से बार-बार इस्तेमाल करते रहे हों। जीनत ने लिखा कि उन्हें उनके अनुभव पढ़ने में बहुत खुशी होगी। उनकी इस पोस्ट पर फैंस ने ढेरों प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने उनकी सादगी, सोच और फैशन सेंस की तारीफ की, जबकि कुछ ने अपने भी पुराने पसंदीदा कपड़ों से जुड़े किस्से साझा किए। जीनत का यह संदेश आज के दौर में खास मायने रखता है, जब फैशन इंडस्ट्री में हर दिन नए ट्रेंड्स सामने आते हैं। उनका कहना है कि स्टाइल वही है जो टिके और जो दिल के करीब हो। सुदामा/ईएमएस 02 मार्च 2026