मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा अपनी नई फिल्म ‘एकूस्ड’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। ‘एकूस्ड’ कार्यस्थल पर महिलाओं के बीच पावर डायनामिक्स, यौन उत्पीड़न के आरोपों की जटिलता और मानवीय रिश्तों के धुंधले पहलुओं को गहराई से दिखाती है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने बताया कि समाज में कई ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि उन्हें सामने लाना बेहद जरूरी है। कोंकणा का मानना है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि दर्शकों की सोच और पूर्वाग्रहों को चुनौती देने का काम करेगी। यह फिल्म 27 फरवरी को नेटफलिक्स पर रिलीज होने जा रही है। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जिस पर अपने ही कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया जाता है। इस बारे में बात करते हुए कोंकणा ने कहा कि यह स्क्रिप्ट आम धारणाओं को उलट देती है। उन्होंने कहा, “हम ज्यादातर महिलाओं को पीड़ित की नजर से देखते हैं, आरोपी की नजर से बहुत कम। सही है कि अपराध ज्यादातर पुरुष करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि महिलाएं ऐसा कर ही नहीं सकतीं। इस फिल्म में वही अनकहा पक्ष दिखाया गया है।” कोंकणा के अनुसार, फिल्म का सबसे रोचक पहलू यह है कि इसमें दो महिलाओं के बीच सत्ता के खेल, उम्र के अंतर, पद की असमानता और रिश्तों की जटिलता को बेहद वास्तविक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म यह दिखाती है कि जब आरोपी और पीड़ित दोनों महिलाएं हों, तब समाज का नजरिया कैसे अचानक बदल जाता है। कोंकणा ने कहा कि एक शक्तिशाली पद पर बैठी महिला पर जब आरोप लगता है, तो लोग उस पर विश्वास करने में झिझकते हैं, और यही असमानता इस कहानी की परतों को खुलकर सामने लाती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म में कोई भी किरदार पूरी तरह सही या गलत नहीं है। कहानी ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ नहीं, बल्कि ‘ग्रे’ क्षेत्र में चलती है, जहां हर व्यक्ति अपने-अपने निर्णयों और कमजोरियों के साथ खड़ा है। कोंकणा के अनुसार, यही तत्व फिल्म को वास्तविक और दर्शकों के लिए विचारोत्तेजक बनाते हैं। फिल्म यह सवाल उठाती है कि हमारी सोच, हमारे निर्णय और हमारे पूर्वाग्रह किन परिस्थितियों में कैसे बदलते हैं। सुदामा/ईएमएस 02 मार्च 2026