नई दिल्ली,(ईएमएस)। नई दिल्ली में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का आत्मीय स्वागत किया। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयां प्रदान करने वाली साबित हो सकती है, इसलिए इसे अहम माना जा रहा है। इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की थी। इस भेंट के बाद कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अपनी प्रसन्नता जाहिर की। पीएम कार्नी की भारत यात्रा तब हो रही है जब दोनों देशों के रिश्ते सामान्यीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यहां बताते चलें कि पीएम कार्नी ने दिल्ली पहुंचकर एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, कि भारत और कनाडा ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और एआई में नए साझेदार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार यह मुलाकात दोनों ही देशों के लिए समृद्धि का एक नया द्वार खोलेगी। यहां पीएम मोदी और पीएम कार्नी के बीच सोमवार सुबह हैदराबाद हाउस में अहम बैठक हुई। मुलाकात के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई, जिसमें भारत-कनाडा संबंधों को नई दिशा देने पर जोर दिया गया। चर्चा के प्रमुख मुद्दों में निवेश बढ़ाने, व्यापार विस्तार, ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने और व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को आगे बढ़ाने पर विचार शामिल है। इसके साथ ही सूत्रों ने खालिस्तानी चरमपंथी गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर भी बातचीत होने की जानकारी दी है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्नी के इस दौरे का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच संभावित 10 वर्षीय यूरेनियम आपूर्ति समझौते को आगे बढ़ाना है। बताया जा रहा है कि यह प्रस्तावित डील करीब तीन अरब डॉलर की हो सकती है। कनाडा दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा यूरेनियम उत्पादक देश है और वर्ष 2013 में लागू परमाणु सहयोग समझौते के बाद से वह भारत को यूरेनियम की आपूर्ति करता रहा है। दोनों देशों के बीच वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार 21 अरब डॉलर से अधिक है। भारत में 600 से ज्यादा कनाडाई कंपनियां सक्रिय हैं, जबकि कनाडाई पेंशन फंड रियल एस्टेट और लॉजिस्टिक्स समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा निवेश कर चुके हैं। प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद कनाडा भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा। हिदायत/ईएमएस 02मार्च26