राष्ट्रीय
02-Mar-2026
...


शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश की चर्चित महिला प्रशासनिक अधिकारी और शिमला की एसडीएम ओशीन शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण उनके द्वारा अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स को डिएक्टिवेट करना है। जिम से जुड़े एक निजी कंपनी के उत्पाद के प्रचार (प्रमोशन) को लेकर उपजे विवाद के बाद उन्होंने यह कड़ा कदम उठाया है। 32 वर्षीय ओशीन शर्मा सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहती थीं और उनके विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर 9 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे, जिनमें इंस्टाग्राम पर 3.74 लाख और फेसबुक पर 3.71 लाख से ज्यादा प्रशंसक शामिल थे। इस पूरे प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर उनके द्वारा किए गए कुछ पोस्ट्स को लेकर सवाल उठे। विवाद बढ़ता देख मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को इस मामले की जांच के आदेश दिए थे। मामले पर सफाई देते हुए ओशीन शर्मा ने बताया कि वह पिछले एक साल से उन उत्पादों का स्वयं उपयोग कर रही थीं, इसलिए उन्होंने उनके वीडियो साझा किए थे। उनका उद्देश्य किसी भी तरह का व्यावसायिक प्रचार करना नहीं था। हालांकि, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कुछ कंटेंट को जनहित के प्रतिकूल बताए जाने और उसे हटाने के निर्देश मिलने के बाद उन्होंने स्वेच्छा से अपने अकाउंट बंद कर दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक नोटिस नहीं मिला था, बल्कि वरिष्ठों के सुझाव पर उन्होंने यह निर्णय लिया है। ओशीन शर्मा का विवादों से पुराना नाता रहा है। वह अपनी कार्यशैली और निजी जीवन को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। इससे पहले जब वह मंडी के संधोल में तहसीलदार के पद पर तैनात थीं, तब लंबित कार्यों को लेकर उन्हें नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद उनका स्थानांतरण कर दिया गया था। काफी समय तक बिना पोस्टिंग रहने के बाद उन्हें भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग में भेजा गया और वर्तमान में वह शिमला शहरी में एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं। उनका वैवाहिक जीवन भी काफी चर्चा में रहा था। फिलहाल, सोशल मीडिया से उनके अचानक हटने को प्रशासनिक हलकों में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वह अपनी सक्रियता के जरिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रही हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/02मार्च2026 ---------------------------------