गुना (ईएमएस)_ जिले के लिए बीता शाम हादसों भरा रहा, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। पहली घटना जामनेर थाना क्षेत्र की है, जहां एक निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से भोपाल के एक युवा मिस्त्री की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना म्याना थाना अंतर्गत पाटई क्षेत्र की है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिसमें शिवपुरी के एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। दोनों ही मामलों में मृतकों के शवों का सोमवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मकान की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर करते समय लगा करंट प्राप्त जानकारी के अनुसार जामनेर थाना क्षेत्र में घटित पहले हादसे में 22 वर्षीय गोलू पुत्र मोहनलाल सैनी, निवासी ग्राम सुहाया थाना बैरसिया, जिला भोपाल की जान चली गई। गोलू अपने जीजा के पास काम करने के लिए जामनेर आया हुआ था और रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच बृजमोहन साहू के मकान की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर कर रहा था। काम के दौरान वह अचानक बिजली के तारों के संपर्क में आ गया और करंट के जोरदार झटके के कारण नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद हेल्पर और मकान मालिक उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद देर रात गोलू ने दम तोड़ दिया। वह अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे लाडला था और अभी अविवाहित था। अज्ञात वाहन की टक्कर से बुझ गया घर का चिराग दूसरी दर्दनाक घटना म्याना थाना क्षेत्र के पाटई स्थित वंदना होटल के पास हुई। यहां धनधेरा थाना रन्नौद, शिवपुरी निवासी 20 वर्षीय नीलेश जाटव अपने दोस्त राहुल धाकड़ के साथ बाइक से जा रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल धाकड़ को अत्यंत नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। नीलेश के परिजनों ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और घटना के समय उसके बड़ेे भाई खेत पर गए हुए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में दोनों मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन रहा।_सीताराम नाटानी