क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस जिले के प्रसिद्ध भैंसवामाता मंदिर परिसर में होली महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना रहा। जीरापुर की महिलाओं ने घरेलू नाश्ते और सजावटी सामग्री के स्टॉल लगाए। खिलचीपुर की समूहों ने देशी पद्धति से तैयार दाल और मसालों का प्रदर्शन किया। सारंगपुर क्षेत्र से हस्त करघा उत्पाद, ब्यावरा से घरेलू शृंगार सामग्री व नरसिंहगढ़ से खिलौने, घी, मसाले और खाद जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए। राजगढ़ की महिलाओं ने प्राकृतिक अवयवों से बने गुलाल और पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत कर स्वदेशी रंगों का संदेश दिया। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण से जुड़ी महिलाओं के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में सांसद रोडमल नगर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इच्छित गढ़पाले, एसडीएम निधि भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने महिला समूहों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयास से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को बाजार की समझ और उद्यमिता का अनुभव मिलता है।-निखिल/राजगढ़/2/3/2026