क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस) अपराधी कितने बेखौफ हैं, इसका एक सनसनीखेज उदाहरण शहर के दशहरा मैदान में देखने को मिला। जहां एक ओर पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने पुलिस की नाक के नीचे ही सट्टे का अड्डा जमा लिया। कैंट थाना पुलिस ने इस डेयरिंग सट्टेबाज का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को आईफोन के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान में, जहां चौबीसों घंटे खाकी का पहरा रहता है, वहां एक युवक बेधडक़ मोबाइल पर क्रिकेट मैच का सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और मौके से 20 वर्षीय अरमान खान, निवासी ढोंगापुरा को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से आईफोन 14 प्रो बरामद हुआ, जिसमें सट्टा वेबसाइट खुली थी। मोबाइल खंगालने पर पुलिस के भी होश उड़ गए; इसमें 23,301 रुपये का हिसाब-किताब और 18,000 रुपये के डिजिटल कॉइन्स मिले। पूछताछ में आरोपी अरमान ने कुबूल किया कि वह अंशुल खटीक नामक व्यक्ति से आईडी लेकर कमीशन के लालच में यह अवैध धंधा कर रहा था। पुलिस ने न केवल सट्टेबाज को पकड़ा, बल्कि उसका महंगा आईफोन भी जब्त कर लिया है। कैंट पुलिस ने अरमान खान और मुख्य सरगना अंशुल खटीक के विरुद्ध पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की इस दबिश ने यह तो साफ कर दिया कि कानून की नजर से कोई नहीं बच सकता, लेकिन एसपी ऑफिस के ठीक सामने सट्टा चलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़ेे करता है।-सीताराम नाटानी