राष्ट्रीय
02-Mar-2026
...


-बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कूच बिहार से की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत कूच बिहार,(ईएमएस)। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में बीजेपी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर नबीन ने दावा किया कि बंगाल में 50 लाख से ज्यादा घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से हटाया गया है। पश्चिम बंगाल में एक दिन पहले ही एसआईआर के बाद जारी वोटर लिस्ट से 63.66 लाख नाम हटाए गए हैं। नबीन ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, वे घुसपैठिए थे और वे असली नागरिकों के लिए बनी सरकारी नौकरियों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे थे। ये लोग न सिर्फ असली नागरिकों के अधिकारों का उल्लंघन कर रहे थे, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा थे। घुसपैठियों के लिए हमारा संदेश है कि अब समय आ गया है कि उन्हें बंगाल की धरती से बाहर किया जाए। हमें एक मजबूत सरकार भी बनानी है जो विकास ला सके। नबीन ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज दिलाकर उन्हें संरक्षण दिया। ममता ने वोटर लिस्ट में शामिल घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों का रुख किया, क्योंकि वे उनका वोट बैंक हैं, लेकिन जब महिलाओं का अपमान होता है, तो दीदी चुप रहती हैं। राज्य को भ्रष्ट टीएमसी सरकार से मुक्त कराने की जरूरत है, जो सिर्फ घुसपैठियों के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के गान से पूरा देश आजाद हुआ। आज जब उसकी 150वीं जयंती मनाते हैं, तो टीएमसी के सांसद उसे रोकते हैं। उन्होंने कहा कि ममता दीदी, वंदे मातरम् ने अंग्रेजों से आजादी दिलाई थी, और अब वही वंदे मातरम् की गूंज बंगाल को आपकी अराजकता से आजाद करेगी और बंगाल को मुक्ति दिलाएगी। यह यात्रा जो 5,000​ किलोमीटर से अधिक की होगी और बंगाल के घर घर तक जाएगी,​ जहां अब तक केवल वादे और अहंकार के शब्द पहुंचे थे, वहां बीजेपी परिवर्तन की आवाज के साथ पहुंचने वाली है। सिराज/ईएमएस 02मार्च26