क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


- पंचक्रोशी परिक्रमा के मार्ग भी पहुंचे राजगढ़(ईएमएस)l जिले के भैंसवामाता स्थित प्रसिद्ध देवी सिद्ध पीठ मैया विजयासन धाम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पंचम 108 कुंडीय श्री शतचंडी महायज्ञ की तैयारियां की जा रही हैं। महायज्ञ समिति पिछले एक माह से व्यवस्थाओं में जुटी है। इस बार महायज्ञ के साथ नौ दिन तक भव्य रामकथा का आयोजन भी होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था का विशेष माहौल बन रहा है। नवरात्रि के पहले दिन गुड़ी पड़वा पर विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर यज्ञशाला पहुंचेगी। उसी दिन विधिवत यज्ञारंभ होगा तथा दोपहर तीन बजे से रामकथा प्रारंभ होगी। नौ दिवस तक कथा और यज्ञ के विभिन्न अनुष्ठान संपन्न होंगे। 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर पूर्णाहुति, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा। रविवार को सांसद रोडमल नागर ने समिति सदस्यों के साथ मंदिर परिसर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली, आवास, कथा पंडाल, यज्ञशाला निर्माण, कलश यात्रा, चैत्र पंचकोशी परिक्रमा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस वर्ष लगभग दो हजार वर्गफीट का पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर बैठने की सुविधा मिल सके। सुरक्षा, परिवहन, भोजन, जल व्यवस्था, अतिथि सत्कार और आवास के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। प्रत्येक समिति में एक प्रभारी और सहयोगी सदस्य तय किए गए हैं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। -निखिल/राजगढ़/2/3/2026